Breaking
March 29, 2024

देहरादून: उत्तराखंड पुलिस भर्ती में जिलेवार मेरिट लगाने और पुलिस ग्रेड पे को लेकर उप नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में कांग्रेजनों ने आज पुलिस महानिदेशक (DGP) को मांगपत्र सौंपा। कांग्रेस ने पुलिस की भर्ती पूर्व की भांति जिलेवार कराने और जिलेवार मेरिट लगाने की मांगे की है। साथ ही लंबित पुलिस पे ग्रेड को लागू करने की मांग की है।

उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि, उत्तराखंड में काफी कम संसाधनों में प्रदेश के युवा फौज और पुलिस की भर्तियों की तैयारी करते हैं। बहुत कम संसाधन के बावजूद भी युवाओं में पुलिस में जाने और राज्य की सेवा करने की ललक है। पहले संपूर्ण राज्य में पुलिस की भर्ती जिलेवार मेरिट के आधार पर होती थी, जिससे उत्तराखंड के प्रत्येक जिले के युवाओं को इसका लाभ मिलता था और उनको लगता था कि, हमारे जिले में इतने युवाओं को रोजगार मिला है। लेकिन अब नई भर्ती में ऐसा ना होने के कारण युवा अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। क्योंकि छोटे जिलों में मेंरिट भी कम रहती थी, जिस कारण वहां के युवाओं को रोजगार का अवसर मिल जाता था लेकिन अब ऐसा नहीं हो पा रहा है।

इसके साथ साथ उन्होंने कहा कि, पूर्व में उत्तराखंड पुलिस में पे ग्रेड 4,600 करने को लेकर कई आंदोलन पूरे प्रदेश में हुए, क्योंकि यह मांग पुलिसकमिर्याें की जायज मांग थी। पुलिस परिवार के सदस्यों ने प्रत्येक जिले में प्रदर्शन कर अपना विरोध भी प्रदर्शित किया था। अनुशासित फोर्स होते हुए भी प्रदेश में पुलिसकर्मियों के परिजन प्रत्येक जिले में एकत्र हुए थे। यह प्रदेश में पहली बार हुआ था। तत्पश्चात उच्च अधिकारियों और स्वयं मुख्यमंत्री ने भी उनका पे ग्रेड 4600 करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब राज्य में नवगठित सरकार को काफी समय हो गया है बावजूद अभी तक पुलिस कर्मचारियों का पे ग्रेड नहीं बढ़ा है, जिससे कि दोबारा पुलिस के साथियों में आक्रोश है और भविष्य में यह आक्रोश कोई खतरनाक रूप ले सकता है।

उन्होंने पुलिस की भर्ती को दोबारा जिलेवार मेरिट के आधार पर कराए जाने और पुलिस कर्मियों का पे ग्रेड 20 वर्ष की सेवा के बाद 4600 लागू किए जाने की मांग की है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एन.एस.यू.आई मोहन भण्डारी, प्रदेश प्रवक्ता विजयपाल रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस संदीप चमोली, छात्र नेता उदित थपलियाल, गौरव कुमार, नमन शर्मा, कलम सिंह, गौरव नेगी, हिमांशु चौधरी, आदित्य सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *