Breaking
March 28, 2024

New CDS of India: केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान  को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। इस बाबत नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। पूर्व सीडीसी जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर क्रैश में निधन के बाद 9 महीनों से देश का यह सैन्य पद खाली था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (से.नि.) को भारत का CDS नियुक्त होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि, उत्तराखण्ड के सपूत को चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ नियुक्त किए जाने पर प्रत्येक उत्तराखण्डवासी गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि, हमें पूर्ण विश्वास है कि नए CDS के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) अनिल चौहान जी के कुशल नेतृत्व में भारतीय सेना सदैव की भांति राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

रक्षा मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति की जानकारी देते हुए बताया कि रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान ने लगभग 40 वर्षों से अधिक के करियर में कई कमांड संभाले हैं और उन्हें जम्मू-कश्मीर और उत्तर-पूर्व भारत में आतंकवाद विरोधी अभियानों में व्यापक अनुभव है।

18 मई 1961 को जन्मे लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान 1981 में भारतीय सेना की 11 गोरखा राइफल्स में भर्ती हुए थे। वह नेशनल डिफेंस अकेडमी, खडकवासला और इंडियन मिलिट्री अकेडमी, देहरादून के पूर्व छात्र हैं। मेजर जनरल के रैंक के अधिकारी ने उत्तरी कमान में महत्वपूर्ण बारामुला सेक्टर में एक इन्फैंट्री डिवीजन की कमान संभाली थी। बाद में लेफ्टिनेंट जनरल के रूप में उन्होंने उत्तर पूर्व में एक कोर की कमान संभाली। इसके बाद वह सितंबर 2019 से पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ बने और मई 2021 में रिटायर हुए।

सेना में उनकी विशिष्ट और शानदार सेवा के लिए, लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) को परम विशिष्ट सेवा पदक, उत्तम युद्ध सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, सेना पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *