कांग्रेस नेता प्रो गौरव वल्लभ बोले- भाजपा नेता की ऑडियो में बातचीत शर्मनाक

देहरादून। कांग्रेस ने प्रदेश के एक भाजपा नेता के वायरल हुए कथित अश्लील आडियो को लेकर सत्तारूढ़ दल पर तीखे हमले बोले। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो गौरव वल्लभ ने आरोप लगाया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री का कथित अश्लील बातचीत का आडियो वायरल हो रहा है। इसमें शामिल बातें शर्मनाक हैं। कांग्रेस की सरकार बनने पर इस आडियो की जांच कराई जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो गौरव वल्लभ ने कहा कि 10 मार्च को चुनाव परिणाम आने और कांग्रेस की सरकार बनने के बाद जांच होगी। उन्होंने कहा कि जिसकी भी आवाज है, वह जेल जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यही भाजपा का चेहरा है। कांग्रेस की सरकार बनने पर पिछले पांच साल में महिलाओं के साथ होने वाले दुर्व्यवहार के मामलों की जांच होगी। इस मौके पर उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कथित वीडियो भी दिखाया। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में चौहान उत्तराखंड से भाजपा के जाने का दावा कर रहे हैं। कांग्रेस ने राज्य के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का एक वीडियो भी दिखाया। कांग्रेस ने दावा किया कि प्रदेश सरकार राज्य की गर्भवती महिलाओं को मंत्री की नाक के नीचे एक्सपायरी डेट के खजूर बांटे जा रहे हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डा समां मोहम्मद ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। उत्तराखंड में भाजपा संगठन से जुड़े नेता व विधायकों पर शोषण के आरोप लगे हैं। एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला देकर उन्होंने दावा किया कि दुष्कर्म के मामलों में उत्तराखंड पहले, हिमाचल दूसरे और त्रिपुरा तीसरे स्थान पर है। पोस्को में भी उत्तराखंड पहले स्थान पर है।