बाडाहाट: चुनाव प्रचार के अंतिम दिन घर-घर पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी ने मांगा आशीर्वाद, बोले- वायदे नहीं विकास के नए विजन के साथ काम करने का संकल्प
-बाबा विश्वनाथ की नगरी में धर्म विरोधी गतिविधियां सहन नहीं होगी: किशोर
-भट्ट ने जोशियाड़ा, ज्ञानसू और बाजार क्षेत्र में किया जनसंपर्क
उत्तरकाशी। नगर पालिका परिषद बाडाहाट (उत्तरकाशी) में भाजपा अध्यक्ष किशोर भट्ट ने प्रचार के अंतिम दिन घर घर पहुंचकर जनता से आशीर्वाद स्वरूप वोट मांगे। इस दौरान किशोर ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में धर्म के खिलाफ संचालित गतिविधियों का पुरजोर विरोध किया जाएगा। इधर, भाजपा प्रत्याशी ने बाडाहाट क्षेत्र के समस्त मतदाताओं से मतदान जरूर करने की अपील की है।
बाडाहाट नगर पालिका में भाजपा के अध्यक्ष प्रत्याशी किशोर भट्ट ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की धरती को विकास के नए विजन के साथ संवारने का उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि काशी की धार्मिकता को बरकरार रख यहां धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि धर्म के खिलाफ कार्य करने और धर्म के विरोधियों को शरण देने वालों को सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सनातन पर भरोसा करती है, ऐसे में तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को जनता जवाब देगी। उन्होंने कहा कि उनका विकास का विजन बाडाहाट की जनता के सामने स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा की प्रथम नगर पालिका परिषद होने के कारण बाडाहाट को वह स्मार्ट नगर पालिका बनाएंगे। उन्होंने कहा कि ताँबाखानी सुरंग के बाहर फैले कचरे से लेकर शहर में कूड़ा निस्तारण वैज्ञानिक तरीके से किया जाएगा। जबकि संपूर्ण क्षेत्र में सीवर, स्ट्रीट लाइट, सड़क, बिजली, पानी जैसी सुविधाओं में सुधार किया जाएगा। इधर, भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, समेत वरिष्ठ नेताओं ने घर घर जनसंपर्क अभियान चलाकर। पार्टी प्रत्याशी किशोर भट्ट के पक्ष में मतदान की अपील की है। इधर, भाजपा प्रत्याशी किशोर भट्ट के लोकतंत्र के इस पर्व पर सभी मतदाताओं से मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान की अपील की है।